श्रमायुक्त संगठन, रायपुर

प्रदेश का श्रमायुक्त कार्यालय रायपुर में है। श्रमायुक्त इसके विभागाध्यक्ष हैं। श्रमायुक्त कार्यालय के अधीन राज्य के 27 जिलों में सहायक श्रमायुक्त अथवा श्रम पदाधिकारी कार्यालय संचालित हैं। इसी प्रकार 09 जिलों में उप संचालक एवं सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा कार्यालय तथा रायपुर में उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा (इण्डस्ट्रीयल हाईजिन) का राज्य स्तरीय कार्यालय संचालित हो रहा है।

राज्य के श्रमायुक्त संगठन का मुख्य दायित्व विभिन्न वर्ग के श्रमिकों के हितों का संरक्षण तथा प्रदेश के विकास संबंधी व्यापक हितों को देखते हुए औद्योगिक संबंधों का नियमन करना है। श्रमायुक्त संगठन उपरोक्त उद्देश्य की पूर्ति विभिन्न श्रम कानूनों और उसके अंतर्गत बनाये गये नियमों के माध्यम से करता है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बनाये गये विभिन्न श्रम कानूनों के प्रवर्तन, श्रमिकों एवं प्रबंधन के मध्य विद्यमान औद्योगिक विवादों का निराकरण, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा, विशेष रूप से कमजोर एवं असंगठित श्रमिकों का संरक्षण, श्रमिक कल्याण तथा श्रम संबंधी मामलों में सुनवाई किया जा कर अर्धन्यायिक कार्यवाहियां की जाती है। राज्य स्तर पर विभिन्न वर्गों से आवश्यक परामर्श के उपरान्त नीति निर्धारण किया जाता है। आवश्यकता अनुसार विभिन्न समितियों एवं मंडलों का भी गठन किया जाता है।